रथयात्रा को लेकर चंदननगर में प्रशासनिक बैठक, विधायक दीपांजन गुहा रहे उपस्थित
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
हुगली, 07 जुलाई (हि. स.)। आगामी रथयात्रा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को हुगली जिले के चंदननगर एसडीओ कार्यालय में एक विशेष प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधायक दीपांजन गुहा, एसडीओ आशुतोष कुमार, प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा तथा सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। साथ ही, उत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि रथयात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में उत्सव का आनंद ले सकें तथा कार्यक्रम का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
---------------

