पटना से नाबालिग छात्रा को लेकर फरार ट्यूशन टीचर रक्सौल बार्डर से गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण,19 मई (हि.स.)।पटना से नाबालिग छात्रा का अपहरण कर नेपाल भाग रहे ट्यूशन टीचर को पुलिस ने अपहृत लड़की के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी देते रक्सौल पुलिस ने बताया कि 16 मई को पटना के खुशरूपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग को घर में ट्यूशन पढ़ाने वाला युवक अभिमन्यु कुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद उन्होने खुशरूपुर थाना में ट्यूशन टीचर अभिमन्यु कुमार, उसके पिता दिनेश राय, माता आशा देवी और भाई मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

मामले में पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपहृत नाबालिग को नेपाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए रक्सौल पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी शुरू की।इसी दौरान नेपाल जाने की कोशिश कर रहे आरोपित अभिमन्यु कुमार को अपहृत लड़की के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पटना से आने के बाद वह रक्सौल के एक होटल में कुछ समय के लिए ठहरा था। इसके बाद वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था।आवश्यक कारवाई पूरी करने के बाद पटना पुलिस दोनो को लेकर पटना के लिए निकल गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर