असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती, 28 अक्टूबर तक करें आवेदन
- Neha Gupta
- Oct 05, 2026
असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती, 28 अक्टूबर तक करें आवेदन
टेक्निकल व ट्रेड्समैन भर्ती रैली-2026 के लिए आवेदन शुरू, 23 नवंबर से प्रस्तावित रैली; 10वीं, 12वीं, ITI और डिप्लोमा धारकों को मौका
स्टेट समाचार ब्यूरो
नई दिल्ली/शिलांग, 5 अक्टूबर। असम राइफल्स में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। डायरेक्टोरेट जनरल असम राइफल्स, शिलांग ने टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन भर्ती रैली-2026 के तहत कुल 354 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 28 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती रैली 23 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।
भर्ती के तहत वारंट ऑफिसर, हवलदार और राइफलमैन के विभिन्न तकनीकी एवं ट्रेड्समैन पद भरे जाएंगे। सबसे अधिक 124 पद वारंट ऑफिसर (साइफर) के हैं। इसके अलावा राइफलमैन इलेक्ट्रिकल फिटर सिग्नल के 32, आर्मरर के 29, मेसन के 29, व्हीकल मैकेनिक के 23, इलेक्ट्रिकल मोटर व्हीकल के 22, लाइनमैन फील्ड के 21, मेटलस्मिथ के 19, स्टोर कीपर टेक्निकल के 16, रिकवरी व्हीकल मैकेनिक के 13 और इंजीनियर इक्विपमेंट मैकेनिक के 10 पद समेत अन्य रिक्तियां शामिल हैं।
योग्यता व आयु सीमा: पद के अनुसार उम्मीदवार का 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, डिग्री अथवा संबंधित ट्रेड में निर्धारित योग्यता होना जरूरी है। आयु सीमा ट्रेड के अनुसार 18 से 23 वर्ष अथवा 18 से 25 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को असम राइफल्स के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया: अभ्यर्थियों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), दस्तावेज सत्यापन, 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), ट्रेड/स्किल टेस्ट और विस्तृत मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा।
आवेदन शुल्क: सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि SC/ST और पूर्व सैनिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानकों और अन्य पात्रता शर्तों को विस्तृत अधिसूचना में जांचने की सलाह दी गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से असम राइफल्स की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकता है।


