‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ की रिलीज डेट की घोषणा

निर्देशक पायल कपाड़िया की फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ 22 नवंबर, 2024 को पूरे भारत में सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को साउथ सुपरस्टार राणा दग्गुबाती द्वारा वितरित किया गया। हाल ही में विशेष प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन करके पायल और राणा ने इसकी जानकारी मीडिया को दी। राणा ने फिल्म की वैश्विक यात्रा और भारत में इसकी आगामी योजनाओं पर अपने विचार शेयर किए।

भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने को लेकर राणा दग्गुबाती ने अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, हम इस अविश्वसनीय फिल्म को भारतीय सिनेमाघरों में लाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। स्पिरिट मीडिया में, हम देश भर के दर्शकों के लिए अनूठी और सार्थक कहानियाँ लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पायल ने एक खूबसूरत फिल्म बनाई है, और हम इसे भारतीय दर्शकों के साथ शेयर करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।

पायल ने भी इस पर बात करते हुए कहा, इस फिल्म को बनाने में कई साल लग गए हैं, और स्पिरिट मीडिया के साथ हमारी साझेदारी के साथ, मैं अगले चरण के लिए बेहद उत्साहित हूं। यह पहली बार है कि मेरी कोई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी और भारतीय दर्शक आखिरकार टिकट खरीद पाएंगे और इसे बड़े पर्दे पर देख पाएंगे, जहां सिनेमा वास्तव में जीवंत हो जाता है। बता दें कि यह फिल्म फ्रांस की पेटिट कैओस और भारत की चॉक एंड चीज और एनदर बर्थ के बीच एक आधिकारिक इंडो-फ़्रेंच सह-निर्माण है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

   

सम्बंधित खबर