ग्याहवीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को राहत, मार्कशीट और एलसी जमा करने की मिली समय सीमा
- DSS Admin
- May 30, 2026
मुंबई, 30 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने ग्यारहवीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। स्कूली शिक्षा विभाग ने मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एलसी) जमा करने की समय सीमा में सहुलियत दी है।
स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे के निर्देश पर राज्य में 11वीं कक्षा की ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाले छात्रों को राहत देने के लिए एक अहम फैसला लिया गया है। दसवीं का रिजल्ट आने के बाद भी कई छात्रों को अभी तक ओरिजिनल मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट नहीं मिले हैं, इसलिए एडमिशन कन्फर्म करते समय उन्हें ये डॉक्यूमेंट्स तुरंत जमा करने के लिए मजबूर न करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 11वीं के एडमिशन में कोई रुकावट न आए। डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (सेकेंडरी व हायर सेकेंडरी) डॉ. महेश पालकर के अनुसार इस संबंध में सभी कॉलेजों को निर्देश जारी किए गए हैं।
शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के ग्यारहवीं प्रवेश के लिए रेगुलर राउंड नंबर 1 प्रक्रिया चल रही है और मेरिट लिस्ट 29 मई को जारी कर दी गई है। इस मामले में कॉलेजों में एडमिशन कन्फर्म करते समय ओरिजिनल मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट जमा करने की शर्त में कुछ समय के लिए ढील दी गई है। जिन छात्रों को अभी तक संबंधित डॉक्यूमेंट्स नहीं मिले हैं, वे अपना एडमिशन कन्फर्म कर सकते हैं। जैसे ही वे मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट उपलब्ध होंगे, वे जमा कर देंगे। आधार वेरिफाइड छात्रों की मार्कशीट डिजिलॉकर में उपलब्ध करा दी गई हैं। छात्रों और उनके अभिभावकों को बताया गया है कि यदि तय समय में मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट जमा नहीं किए गए तो संबंधित विद्यार्थी का एडमिशन रद्द किया जा सकता है। मंत्री भुसे ने विश्वास जताया है कि इस फैसले से दसवीं के रिजल्ट के बाद अपने दस्तावेज का इंतजार कर रहे हजारों छात्रों समय पर ग्यारहवीं के एडमिशन प्रोसेस में हिस्सा ले पाएंगे।
---------------

