रिषड़ा नगरपालिका में न्यूनतम वेतन समेत कई मांगों को लेकर काम ठप
- DSS Admin
- May 12, 2026
हुगली, 13 मई (हि. स.)। जिले की रिषड़ा नगर पालिका में कार्यरत अस्थायी चालक और सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से काम बंद कर दिया। कर्मचारियों के आंदोलन के कारण नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है।
हड़ताली कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें न्यूनतम वेतन दिया जाए, ईएसआई और पीएफ की सुविधा लागू की जाए तथा छुट्टी के दिन काम कराने पर अतिरिक्त भत्ता दिया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों ने नियुक्ति पत्र, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, नियमित यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिलता और विरोध करने पर धमकाया जाता है। उनका कहना है कि हर महीने एक से पांच तारीख के बीच भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन को रिषड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड के पार्षद और भाजपा नेता मनोज सिंह का समर्थन मिला। आंदोलन की जानकारी पाकर मंगलवार सुबह वह धरनास्थल पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं।
मनोज सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और नगर पालिका प्रशासन को तत्काल इस दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नगर पालिका में ठेकेदारों और चेयरमैन की मनमानी चलती थी, लेकिन अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसी “गुंडागर्दी” नहीं चलेगी।
नगरपालिका प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------

