जींद : रोडवेज कर्मचारियों ने बस अड्डा परिसर में किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 29, 2026
जींद, 29 मई (हि.स.)। चालक, परिचालकों सहित सभी कर्मचारियों के देय भत्तों का समय पर भुगतान न करने के विरोध में शुक्रवार को रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा परिसर में मांगों को लेकर धरना दिया और नारेबाजी की। बाद में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा जींद डिपो ने मांगों को लेकर महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अनूप लाठर, संदीप रंगा ने बताया कि मोर्चे द्वारा समय-समय पर चालक, परिचालकों द्वारा विपरीत परिस्थितियों में ईमानदारी जनता की सेवा कार्य उपरांत देय भत्तों का भुगतान समय पर करने बारे मौखिक एवं लिखित मांग पत्र देकर अवगत करवाया जा रहा है। परंतु डिपो प्रशासन द्वारा देय भत्तों का भुगतान समय पर नहीं करवाया जा रहा है। जींद डिपो का रात्रि ठहराव भत्ता अप्रैल 2025 से पेंडिंग है, ओवरटाइम जनवरी 2026 से पेंडिंग है एवं बहुत से कर्मचारियों की एलटीसी भी पेंडिंग है। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा पांच नवंबर 2024 को पत्र जारी विभाग के सभी महाप्रबंधकों को कर्मचारियों के वेतन रात्रि ठहराव भत्ता, ओवरटाइम भत्ता, एलटीसी, शिक्षा भत्ता आदि देय भत्ते एवं लाभ समय पर देने के लिखित आदेश दिए गए थे।
परिवहन मंत्री के लिखित आदेशों के बाद अब भी देय भत्ते समय पर नहीं दिए जा रहे हैं। कभी बजट का बहाना बनाया जा रहा है तो कभी बजट पर कैंप लगने का बहाना बना कर देय भत्ते समय पर नहीं दिए जा रहे हंै। जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है एवं मानसिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
इसी के रोष स्वरूप पांच जून को हिसार, 16 जून को अंबाला, 24 जून 2026 को गुरुग्राम, दो जुलाई को रोहतक, नो जुलाई को करनाल, 16 जुलाई को फरीदाबाद में धरना व प्रदर्शन किए जाएंगे। अगर फिर भी कर्मचारियों की मांगों एवं देय भत्तों का भुगतान समय पर देना सुनिश्चित नहीं किया तो परिवहन मंत्री के आवास अंबाला छावनी पर 25 जुलाई को प्रदर्शन करके न्याय मार्च किया जाएगा।
---------------

