रोमानिया के राष्ट्रपति ने की कीव पर रूस हमले की निंदा, बोले- मॉस्को शांति नहीं चाहता
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
बुखारेस्ट, 02 जुलाई (हि.स.)। रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान ने कीव पर रूस के ताजा हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा कि इस हमले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि रूस शांति स्थापित करने का इच्छुक नहीं है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में राष्ट्रपति दान ने हमले में प्रभावित यूक्रेनी नागरिकों और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
राष्ट्रपति ने कहा कि रूस का यह हमला स्पष्ट संकेत देता है कि वह व्यापक और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में सार्थक प्रयास नहीं कर रहा है। उनके अनुसार, इस तरह की सैन्य कार्रवाई क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती है।
निकुशोर दान ने दोहराया कि रोमानिया यूक्रेन की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक आवश्यकता होगी, रोमानिया यूक्रेन को अपना समर्थन जारी रखेगा।
----------------------

