तृणमूल से अलग हुईं रुना खातून, फेसबुक पोस्ट कर राजनीति से दूरी बनाने का किया ऐलान
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
हुगली, 07 जून (हि. स.)। जिला परिषद सदस्य और बलागढ़ की चर्चित युवा तृणमूल नेत्री रुना खातून ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तृणमूल कांग्रेस से अपने सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा की है। पार्टी की हार के बाद उनके इस फैसले को राजनीतिक हलकों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वह कुछ महीने पहले बलागढ़ के विधायक मनोरंजन व्यापारी के साथ विवाद को लेकर चर्चा में आई थीं। उस समय विधायक ने सार्वजनिक रूप से रुना खातून पर निशाना साधा था, जिसके जवाब में रुना ने भी पलटवार किया था। मामला बढ़ने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को हस्तक्षेप कर स्थिति संभालनी पड़ी थी।
रुना खातून के पति अरिजीत दास अभी भी बलागढ़ के सीजा कमालपुर पंचायत में तृणमूल के उप-प्रधान पद पर हैं।
हालिया राजनीतिक बदलाव और पार्टी की हार के बाद हुगली जिले में कई नेताओं ने विभिन्न पदों से इस्तीफा दिया है। कोई पार्षद पद छोड़ चुका है तो किसी ने चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया है। वहीं, पूर्व मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने भी राजनीति छोड़ने की घोषणा की है। अब इस सूची में रुना खातून का नाम भी जुड़ गया है।
रुना खातून तीन बार हुगली जिला परिषद की निर्वाचित सदस्य रह चुकी हैं। कॉलेज जीवन से छात्र राजनीति के जरिए उन्होंने अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। तृणमूल कांग्रेस में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली और राज्य स्तर पर युवा नेत्री के रूप में भी सक्रिय रहीं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, उनकी राज्य के वरिष्ठ नेता फिरहाद हाकिम के साथ भी अच्छी राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी।
सूत्रों के अनुसार, वह लंबे समय से पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलने को लेकर नाराज थीं, लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से पार्टी के खिलाफ बयान नहीं दिया और खुद को तृणमूल का समर्पित कार्यकर्ता बताती रहीं।
अपने फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए रुना खातून ने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बदल चुकी है और नई सरकार को काम करने का अवसर मिलना चाहिए ताकि विकास हो और जनता की इच्छाएं पूरी हो सकें।
उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति करना ही जरूरी नहीं है। राजनीति एक बड़ा मंच जरूर है, लेकिन समाज सेवा का वह एकमात्र रास्ता नहीं है।
---------------

