रमेश कुमार ने पूसीरे के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

गुवाहाटी, 03 जून (हि.स.)। इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ़ इंजीनियर्स (आईआरएसई) के अधिकारी रमेश कुमार ने गत 1 जून को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) का कार्यभार संभाला। पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार को बताया कि कुमार गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय, नैनीताल से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। 1991 बैच के आईआरएसई अधिकारी हैं। उन्होंने नवंबर, 1992 में भारतीय रेल में कार्यभार ग्रहण किया और रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास, निर्माण, रखरखाव और परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में तीन दशकों से भी अधिक का समृद्ध और विविध अनुभव रखते हैं।

अपने विशिष्ट करियर के दौरान, कुमार ने दक्षिण पूर्व रेलवे, रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए), रेलवे बोर्ड और पूसीरे में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा दी। उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे में सहायक अभियंता और मंडल अभियंता सहित विभिन्न पदों पर सेवा दी। पश्चिम बंगाल में तमलुक-दीघा नई लाइन परियोजना के लिए उप मुख्य अभियंता के रूप में कार्य किया। रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) में संयुक्त महाप्रबंधक रहे और रेलवे बोर्ड में निदेशक (भूमि एवं सुविधाएं) के पद पर थे।

पूसीरे के एजीएम का कार्यभार संभालने से पहले कुमार पूसीरे में मुख्य परियोजना निदेशक/स्टेशन विकास के रूप में कार्यरत थे, जहां वे विभिन्न स्टेशनों के पुनर्विकास और अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) परियोजनाओं से जुड़े हुए थे। उन्हें स्टेशन पुनर्विकास, नई लाइन निर्माण, भूमि प्रबंधन और मध्यस्थता मामलों में व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने डिमापुर-कोहिमा नई लाइन परियोजना के लिए मुख्य अभियंता/निर्माण के पद पर भी अपनी सेवा दी है। चक्रधरपुर मंडल के घाट सेक्शनों में निर्माण तथा बुनियादी ढांचा के विकास से संबंधित प्रमुख पदों के साथ-साथ भारतीय रेल में अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी अपनी सेवा दी है। पूसीरे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रमेश कुमार का हार्दिक स्वागत करते हुए जोन के अपर महाप्रबंधक के रूप में उनके सफल कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की।----------

   

सम्बंधित खबर