धौलपुर, 30 जून (हि.स.)। जिले में आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर-द्वार तक पहुँचाने के लिए ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 15 जुलाई तक आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में जनहित से जुडे महत्वपूर्ण विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
अपर जिलाधिकारी हरिराम मीणा ने मंगलवार को जिले के राजाखेडा उपखंड के दिहौली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में दी जा रही सुविधाओं की पडताल की। मीणा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पंहुचाने के लिए प्रदेश के साथ-साथ जिले में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को इन शिविरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को पूरा लाभ प्रदान किया जाए। इस कार्य में कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तहसीलदार एवं पटवारी को बंटवारनामा नजरी नक्शा तैयार कर किये जाने के निर्देश भी दिए।
शिविर में राजाखेडा की उपखंडाधिकारी श्रीमती सुशीला मीणा एवं राजाखेडा पंचायत समिति के विकास अधिकारी नवल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 03 जमाबंदी शुद्धियां, 03 नामान्तकरण, 60 जाति सत्यापन एवं 40 पीएम किसान आवेदन का सत्यापन किया गया। आयुर्वेद विभाग द्वारा 31 मरीजों का एवं चिकित्सा विभाग द्वारा 53 लोगों का इलाज किया गया एवं 25 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 बच्चों को पोषण ट्रेकर से जोडा गया। पशुपालन विभाग द्वारा अग्रिम शिविर के दौरान 34 पशुओं का इलाज किया गया एवं 15 बीमा पॉलिसी का वितरण किया गया। शिविर में 60 पशुपालकों को टीकाकरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा 04 तारबंदी, 06 पाइपलाइन एवं 03 कृषि यंत्रों के आवेदन ऑनलाइन करवाए गए।
-------------

