जनसमस्याओं को लेकर एस-4 ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नालों की सफाई, पेयजल, सिंचाई और खेल मैदानों के विकास की उठाई मांग
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
जम्मू, 19 जून (हि.स.)। सामाजिक संगठन समृद्ध समाज सेवा संगठन (एस-4) ने आर.एस. पुरा के ओल्ड रेलवे लाइन पटरी, पंचायत कोटली शाह दौला और गगियां क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एसडीएम आर.एस. पुरा को ज्ञापन सौंपा। संगठन के चेयरमैन अमित ऑगस्टया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बंद पड़े नालों की सफाई, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, किसानों के लिए नहरों का पानी बहाल करने तथा युवाओं के लिए खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि सिंचाई विभाग के अधीन दो नाले गाद और कचरे से भर चुके हैं जिससे मानसून के दौरान बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार गिर रहा है इसलिए जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन और खराब हैंडपंपों की मरम्मत की मांग की गई। संगठन ने किसानों को सिंचाई के लिए नहरों का पानी उपलब्ध कराने, संबंधित विभागों द्वारा क्षेत्र का दौरा करने तथा चक तालाब और गगियां में स्थित खेल मैदानों की फेंसिंग व समतलीकरण कराने की भी मांग उठाई।
एस-4 ने प्रशासन से सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

