कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच हो : पवन गुप्ता

कानपुर, 22 जून (हि.स.)। लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड बेहद दुखद और चिंताजनक है। शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए तथा कानपुर के कोचिंग संस्थानों की भी जांच कर सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। यह बातें सोमवार को कानपुर महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में छात्रों की मौत पर कानपुर महानगर कांग्रेस ने सोमवार को तिलक हाल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडिल जलाकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मृत छात्रों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

पवन गुप्ता ने कहा कि शहरों में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि सभी संस्थानों में अग्निशमन और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। उन्होंने प्रशासन से लखनऊ घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

श्रद्धांजलि सभा में हरप्रकाश अग्निहोत्री, हमदुल्लाह मालिक, रवि तिवारी, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, प्रमोद गुप्ता, लल्लन अवस्थी, धर्मेंद्र सिंह, शंकर दत्त मिश्रा, हाजी कौसर, रवि बाजपेयी, राजू कश्यप, विनोद अवस्थी, राजेंद्र वाल्मीकि, मो. आफताब, बृजेश गुप्ता, आशिक अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर