(रिपीट) आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा के लिए दिखा श्रद्धालुओं में उत्साह, एक माह में 27,911 इनरलाइन परमिट जारी
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
पिथौरागढ़, 01 जून (हि.स.)। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यात्रा सीजन के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यात्रा शुरू होने के मात्र एक माह के भीतर 27,911 इनरलाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं।
साेमवार काे जिला प्रशासन ने आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर आने वालाें आंकड़े जारी किए। उन्हाेंने बताया कि 31 मई 2026 तक कुल 27,911 इनरलाइन परमिट जारी हुए हैं। जिला प्रशासन ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त करें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। उन्हाेंने कहा कि आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को भी नई गति प्रदान कर रही है। इससे सीमांत क्षेत्रों के विकास को भी बल मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि आदि कैलाश-ओम पर्वत दर्शन यात्रा का शुभारंभ 1 मई 2026 को जोलीकोंग स्थित पार्वती कुंड के निकट शिव मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुआ था। मात्र एक माह में इतने बड़े स्तर पर परमिट जारी होना यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और आकर्षण को दर्शाता है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में कुल 29,352 तथा वर्ष 2025 में 36,526 इनरलाइन परमिट जारी किए गए थे। ऐसे में चालू वर्ष के पहले ही माह में जारी परमिटों की संख्या यह संकेत दे रही है कि इस बार यात्रा नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ सकती है।

