सवा लाख पार्थिव पूजन एवं शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन 26 मई से 3 जून तक
- DSS Admin
- May 25, 2026

गोरखपुर, 25 मई (हि.स.)।
धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में स्थापित हो चुके साहबगंज कांवड़िया संघ, गोरखपुर द्वारा इस वर्ष भी “सवा लाख पार्थिव पूजन एवं शिव महापुराण कथा” का भव्य आयोजन 26 मई से 3 जून 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन को लेकर सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में रश्मि केडिया, हर्षिता खेमका, स्नेहा खेमका, आयेशा छापोलिया एवं दीपा रामरायका ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
भव्य शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
आयोजकों ने बताया कि 26 मई को प्रातः 8 बजे खूनीपुर चौराहा, साहबगंज स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष प्रस्तुति, सुसज्जित रथ, घोड़ी, बैंड-बाजा, नगाड़े एवं धार्मिक ध्वज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।
इस दिव्य शोभायात्रा में परम् पूज्य संत श्री रविशंकर जी महाराज विशेष रूप से सम्मिलित होकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई बैंक रोड स्थित श्री परिणय स्थल पहुंचेगी, जहां कथा एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न होंगे।
ब्रह्ममुहूर्त में वैदिक विधि से होगा पार्थिव पूजन
26 मई की प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में 4 बजे मुख्य यजमान ममता खेमका एवं महेश खेमका, हर्षिता खेमका एवं सार्थक खेमका तथा स्नेहा खेमका एवं अनमोल खेमका द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक पार्थिव पूजन का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके उपरांत 27 मई को प्रातः 6:30 बजे से 58 सह-यजमान दंपत्तियों द्वारा पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं सवा लाख पार्थिव पूजन संपन्न होगा। पूजन में गंगाजल, भस्म, चंदन, रोली, बेलपत्र, धतूरा, भांग एवं विविध पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का विधिवत अभिषेक एवं आराधना की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस विशेष अनुष्ठान में सात पवित्र तीर्थों की मिट्टी एवं जल से पूजन और अभिषेक की परंपरा निभाई जाती है, जो आयोजन की विशेषता है।
भस्म आरती और शिव महापुराण कथा रहेंगी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के अंतर्गत 28 मई, 30 मई एवं 1 जून को भव्य भस्म आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान शिव की दिव्य आराधना का अलौकिक अनुभव प्राप्त करेंगे।
27 मई की सायं 4:30 बजे से पूज्य श्री रविशंकर जी महाराज द्वारा शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा, जो प्रतिदिन 3 जून तक चलेगी। कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
प्रतिदिन होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
28 मई — शिव तांडव नृत्य प्रस्तुति
29 मई — शिव विवाह उत्सव
30 मई — गणेश जन्मोत्सव
31 मई — भव्य गंगा आरती
01 जून — बाबा बैद्यनाथ महिमा प्रसंग
02 जून — साहबगंज कांवड़िया संघ का विशेष आयोजन
03 जून — रात्रि 7:30 बजे “एक शाम बाबा बैद्यनाथ के नाम” भजन संध्या एवं महाप्रसाद वितरण
निःशुल्क पूजन व्यवस्था, श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पूजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी भक्तों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की आराधना में सहभागी बनें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
पूरे आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। आयोजन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में उत्साह एवं भक्ति का वातावरण व्याप्त है।
---------------

