देवरिया, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में थाना सलेमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सलेमपुर पुलिस ने रविवार को 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि थाना सलेमपुर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त धनौती राय पुल के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बन्टी राजभर (22) पुत्र संतलाल निवासी सहेला थाना पवई जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ थाना सलेमपुर में छह दिसंबर 2025 को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, कांस्टेबल अजीत यादव एवं कांस्टेबल अनिमेष यादव शामिल रहे।

