हसौद में कबाड़ी दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
- DSS Admin
- May 27, 2026


हसौद, 27 मई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के हसौद क्षेत्र में आज बुधवार सुबह एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धू-धू कर जलने लगी। घटना मंडी चौक स्थित सम्मेलाल खूंटे की कबाड़ी दुकान की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान के बगल में स्थित खेत में एक किसान द्वारा पैरा जलाया जा रहा था। तेज गर्मी और हवा के चलते आग धीरे-धीरे फैलते हुए कबाड़ी दुकान तक पहुंच गई। देखते ही देखते दुकान में रखे प्लास्टिक, टायर, कॉपी और अन्य कबाड़ी का सामान आग की चपेट में आ गया।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत और मोहल्लेवासियों की मदद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खेतों में पैरा जलाने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

