पशु चिकित्सालय निर्माण में कथित अनियमितताओं पर भड़के विधायक, मौके पर रुकवाया काम
- DSS Admin
- Jun 11, 2026

भीलवाड़ा, 11 जून (हि.स.)। शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय पर आसींद रोड स्थित निर्माणाधीन बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन के कार्य में कथित गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आने पर शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने औचक निरीक्षण किया। करीब 4.16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए उन्होंने मौके पर ही कार्य रुकवाने और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।विधायक ने निरीक्षण के दौरान दीवारों की चिनाई को कमजोर बताते हुए कहा कि हाथ लगाने पर ही पत्थर और मसाला टूटकर गिरने लगे। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इस प्रकार का निर्माण भविष्य में सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। साथ ही उन्होंने बजरी, गिट्टी और रेत की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। अधिकारियों द्वारा स्पष्टीकरण देने के प्रयास पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने कहा कि बहाने बनाने के बजाय गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए और तकनीकी मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं।विधायक ने यह आरोप भी लगाया कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त मिट्टी आसपास के क्षेत्र से बिना खनिज एवं राजस्व विभाग की अनुमति के लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। डॉ. बैरवा ने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई तो विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। विधायक ने शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। ऐसे में निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता के धन का दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति, ठेकेदार या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा तथा निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।
---------------

