भजनलाल शर्मा की शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात, विकसित भारत- जी राम जी को लेकर हुई चर्चा
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कृषि भवन में मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में विकसित भारत- जी राम जी और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और ग्राम स्तर पर हो रहे कार्यों के सकारात्मक परिणामों पर चर्चा की।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजस्थान में विकास का पिरामिड मॉडल अपनाते हुए सबसे निचले स्तर पर गांव और पंचायत की जरूरतों के अनुसार योजनाएं लागू की जा रही हैं। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण स्वयं अपने क्षेत्र के कामों का चयन कर रहे हैं, जिससे ऐसे स्थायी कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है जो स्थानीय समस्याओं के समाधान में सीधे योगदान देते हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने विकसित भारत- जी राम जी जैसी योजनाओं के तहत स्वीकृत धनराशि के उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना मद के तहत कुल 445 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 200 करोड़ रुपये का खर्च अभी तक हो चुका है।
उन्होंने कहा कि दूसरी किस्त के रूप में प्रस्तावित 180 करोड़ रुपये की राशि जल्दी ही जारी की जाएगी जब वर्तमान जारी धनराशि का पर्याप्त और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित हो जाएगा।
बैठक में शिवराज सिंह चौहान द्वारा यह भी रेखांकित किया गया कि राजस्थान ने वीबी‑ जी राम जी योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई है। ग्राम सभा और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित बैठकों में तय किया जा रहा है कि गांव में कौन‑कौन से काम होने हैं और वर्ष भर में लगभग 12,000 करोड़ रुपये तक का व्यय कर हर गांव का सुव्यवस्थित विकास लक्ष्य रखा गया है। कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि योजनाओं के तहत न केवल मजदूरों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि बनी हुई परिसंपत्तियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक लाभ भी पहुंचा रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत राजस्थान सरकार के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि राज्य ने इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का त्वरित उपयोग किया और पूरी सैंक्शन राशि समय पर खर्च कर दी, जिसके कारण आगे भी राज्य को अतिरिक्त फंड मिल जाएगा। साथ ही, मनरेगा के तहत अब तक हुए सभी कार्यों चाहे सामग्री व्यय हो या मजदूरी भुगतान का पूरा हिसाब‑किताब पारदर्शी रूप से मिलान किया जा रहा है, ताकि एक भी रुपया बकाया न रहे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री शाम के समय स्वयं गांवों तक पहुंचकर बहनों, युवाओं, किसानों और जनप्रतिनिधियों से अलग‑अलग संवाद कर रहे हैं, अगले दिन भी गांवों में घूमकर जमीनी हालात का आकलन कर रहे हैं और लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्राम सभा और ग्राम पंचायत के माध्यम से चुने गए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है और ग्रामीणों की भागीदारी को नीति‑निर्माण का केंद्र बनाया गया है।
---------------

