बलरामपुर : सिकल सेल से पीड़ित बच्चों के लिए रोगी सहायता समूह की बैठक, उपचार और देखभाल पर दी गई अहम जानकारी
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
बलरामपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिला चिकित्सालय बलरामपुर में आज बुधवार को सिकल सेल रोग से प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों के लिए रोगी सहायता समूह की बैठक आयोजित की गई। जिला स्वास्थ्य समिति ने यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभावित बच्चों और उनके अभिभावकों को रोग की पहचान, उपचार और देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सिकल सेल से प्रभावित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना, नियमित उपचार के प्रति जागरूक करना और परिजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। बैठक में सिकल सेल से प्रभावित 51 बच्चे, 38 अभिभावक तथा स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ और एकम फाउंडेशन सहित कुल 104 प्रतिभागी शामिल हुए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सिकल सेल रोग की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, संक्रमण से बचाव, संतुलित पोषण, पूर्ण टीकाकरण और नियमित फॉलो-अप के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और लगातार उपचार से बीमारी के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है, जिससे प्रभावित बच्चों का जीवन बेहतर बनाया जा सकता है। इस दौरान विवाह से पहले सिकल सेल जांच कराने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
बैठक के संवादात्मक सत्र में अभिभावकों ने बच्चों के उपचार और देखभाल से जुड़े अपने अनुभव और समस्याएं साझा कीं। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक जांच, रेफरल सुविधा और चिकित्सकीय परामर्श की जानकारी दी तथा नियमित उपचार जारी रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनुज टोप्पो, डॉ. साकेत गुप्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष जायसवाल, डॉ. शांति नंदन, एनवीबीडीसीपी सलाहकार दिव्य किशोर गुप्ता, बीपीएम नेत्र प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------

