मेट्रो कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में सिग्नलिंग सिस्टम लगाने का काम शुरू
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
कानपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। रावतपुर स्टेशन से सिग्नलिंग सिस्टम लगाने की शुरुआत कर दी गई है और पूरी टीम निर्धारित समय में परियोजना को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) के तहत करीब 4.10 किलोमीटर लंबे रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन में सिविल कार्यों के साथ सिस्टम इंस्टॉलेशन का काम भी तेज गति से चल रहा है। सोमवार को रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन के तकनीकी कक्ष से सिग्नलिंग सिस्टम लगाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान यूपीएमआरसी के सिग्नलिंग एवं टेलीकॉम विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन वाले इस अंडरग्राउंड सेक्शन में कुल 14 सिग्नल लगाए जाएंगे। इनमें रावतपुर स्टेशन पर 10, जबकि काकादेव और डबल पुलिया स्टेशनों पर दो-दो सिग्नल स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा रावतपुर स्टेशन पर चार पॉइंट मशीन लगाई जाएंगी, जिनकी मदद से ट्रेनों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर सुरक्षित तरीके से भेजा जा सकेगा।
परियोजना के तहत पूरे अंडरग्राउंड सेक्शन में 44 एक्सल काउंटर भी लगाए जाएंगे, जो ट्रैक पर ट्रेन की मौजूदगी का पता लगाकर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था के लिए नौ इमरजेंसी स्टॉप प्लंजर (ईएसपी) और तीन इमरजेंसी की ट्रांसमीटर (ईकेटी) भी स्थापित किए जाएंगे।
यूपीएमआरसी के अनुसार इसी वर्ष मार्च में इस सेक्शन की टनलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद स्टेशनों पर ट्रैक, थर्ड रेल, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का इंस्टॉलेशन तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।

