अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में गूंजा एसएमवीडीयू का शोध, डॉ. अंकुश रैना ने प्रस्तुत किया उन्नत सामग्रियों पर शोधपत्र
- Neha Gupta
- Jul 02, 2026

जम्मू, 02 जुलाई । श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के स्कूल ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अंकुश रैना ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2डी मैटटेक ग्लोबल: फंडामेंटल टू एप्लिकेशन में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्नत सामग्रियों एवं ट्राइबोलॉजी पर अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया। सम्मेलन के दौरान डॉ. रैना ने एसएमवीडीयू में चल रहे अनुसंधान कार्यों को देश-विदेश से आए शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों के समक्ष साझा किया। इस अवसर पर दो-आयामी सामग्रियों, उन्नत विनिर्माण तकनीकों तथा नवीन अनुसंधान प्रवृत्तियों पर व्यापक चर्चा हुई। साथ ही भविष्य में संयुक्त शोध एवं शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. अंकुश रैना ने कहा कि सम्मेलन ने उन्हें इस क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों और तकनीकी प्रगति से अवगत होने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के प्रमुख वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के साथ हुई सार्थक चर्चाएं एसएमवीडीयू में परियोजना आरपी150 और आरपी 157 के तहत चल रहे अनुसंधान कार्यों को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगी।
इस उपलब्धि पर एसएमवीडीयू के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने डॉ. रैना को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को प्रस्तुत करना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की शैक्षणिक सहभागिता विश्वविद्यालय में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को और अधिक प्रोत्साहन देगी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एसएमवीडीयू की पहचान को सुदृढ़ करेगी।

