डीजे पर नाचने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, अस्पताल ले जा रही कार पर भी हमला

पाली, 27 जून (हि.स.)। पाली जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र के खारिया सोढ़ा गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घायल युवक को अस्पताल ले जाने के दौरान भी हमलावरों ने कार को घेरकर डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा करीब एक घंटे तक रास्ता रोके रखा। बाद में एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

सोजत रोड थाना प्रभारी कमला लोहार ने बताया कि मृतक की पहचान अंकित वाल्मीकि (22) निवासी पीपाड़, जोधपुर के रूप में हुई है। अंकित बचपन से अपने नाना मोहब्बत लाल के पास बिलाड़ा में रहता था। वह शुक्रवार को अपने नाना के साथ उनके साढ़ू के पोते की शादी में शामिल होने खारिया सोढ़ा गांव आया था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बिंदोली के दौरान डीजे पर नृत्य करते समय अंकित का कुछ मेहमानों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से अंकित मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन और रिश्तेदार घायल अंकित को उपचार के लिए सोजत अस्पताल ले जाने लगे। इसी दौरान आरोपितों ने कार को घेर लिया और उस पर डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। आरोप है कि करीब एक घंटे तक वाहन को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। ग्रामीणों और अन्य रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस बुलाई गई और अंकित को सोजत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से जानकारी ली। मृतक के परिजनों ने सोजत निवासी मदनलाल वाल्मीकि सहित 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है। मृतक अंकित टैक्सी चालक था। दो वर्ष पूर्व उसका विवाह सोजत क्षेत्र के अटबड़ा गांव में हुआ था। उसकी पत्नी गर्भवती है।

---------------

   

सम्बंधित खबर