लखीमपुर खीरी, 23 मई (हि.स.)। पारिवारिक विवाद में अपने ही ससुर की बेरहमी से हत्या करने वाले कलयुगी दामाद को थाना खीरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थानाध्यक्ष खीरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी दामाद कमल पुत्र शिवकुमार (निवासी जिन्सी अरनीखाना, थाना व जिला खीरी) को झलरिया जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग से ठीक पहले घेराबंदी करके दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
एसएसपी ख्याति गर्ग ने शनिवार शाम बताया कि यह सनसनीखेज वारदात बीते गुरुवार (21 मई) की रात करीब 10 बजे अंजाम दी गई थी। कस्बा खीरी के हनियाटोला निवासी गनेश वेलदार पुत्र बाबू सिंह, मोहल्ला जिन्सी अरनीखाना में रहने वाले नितिन पुत्र पप्पू सिंह के घर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद उनके सगे दामाद कमल ने किसी बात पर विवाद होने के बाद अपने ससुर गनेश पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण गनेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
वारदात के बाद आरोपित दामाद मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इस संबंध में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना खीरी में मु0अ0सं0 349/2026 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के अंतर्गत हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस अब आरोपित के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
---------------

