सपा के प्रतिनिधि मंडल को पुलिस ने रोका

फर्रुखाबाद,12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना राजेपुर के चाचूपुर प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिले की सियासत गरमा गई। समाजवादी पार्टी (सपा)का एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन संभावित तनाव और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को पार्टी के जिला कार्यालय पर ही रोक दिया।

सपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। पार्टी पदाधिकारी चाचूपुर पहुंचकर हालात का जायजा लेने और पीड़ित पक्ष से मुलाकात करने की तैयारी में थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल के साथ सपा कार्यालय पहुंच गया।

सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने सपा नेताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, इसलिए फिलहाल किसी भी राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल के वहां जाने से माहौल बिगड़ सकता है। पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा।

वहीं सपा नेताओं ने भी स्पष्ट कहा कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सपा नेता एसपी से मिले और निष्पक्ष जाँच की मांग की जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, राधेश्याम श्रीवास्तव आदि रहे।

उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले राजेपुर के गांव चाचूपुर में एक युवक का शव मिलने से नाराज गांव वालों ने पुलिस के साथ मारपीट कर सरकारी वाहन तोड़ दिए थे। इस मामले में पुलिस ने 44 लोगों के विरुध्द रिपोर्ट दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर