हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, लाखों का बरदाना जलकर खाक
- DSS Admin
- May 23, 2026
धमतरी, 23 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार दोपहर कुरुद-भोथली मार्ग स्थित साईं राइस मिल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिल के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारी इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते बरदाना शेड आग की लपटों में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर लगभग तीन बजे हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी सीधे बरदाना शेड पर गिरी, जिससे वहां रखे धान कट्टे, प्लास्टिक बोरी और अन्य सामान धू-धू कर जलने लगे। आग की भयावह लपटों और उठते धुएं को देखकर राइस मिल कर्मचारियों ने तुरंत मिल मालिक और नगर पंचायत को सूचना दी। कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुरुद नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण धमतरी नगर निगम से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आगजनी में एक लाख से अधिक धान कट्टे, प्लास्टिक बोरी और बरदाना पूरी तरह जलकर राख हो गए। साथ ही बरदाना शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राइस मिल संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि इस भीषण आगजनी में लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने हाईटेंशन तारों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
---------------

