रायपुर : चरणपादुका योजना के तहत जूता देना और नकटी गांव में अतिक्रमण हटाना सरकार की तानाशाही रवैया : दीपक बैज

रायपुर, 30 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार की चरणपादुका योजना के तहत जूता देने और नकटी गांव में अतिक्रमण हटाए जाने का लेकर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, जब रमन सरकार थी तब उस समय चरणपादुका घोटाला करते थे, इसीलिए हमारी सरकार ने जूता की जगह सीधे राशि संग्राहकों के खाते में डालना शुरू किया। साय सरकार ने फिर से संग्राहकों के जूता खरीद में भ्रष्टाचार करने के लिए नगदी की जगह जूता देना शुरू किया। इस बार संग्राहकों को जो जूता दे रहे उसमें सेफ्टी-शू देने का टेंडर निकाले है। उन्होंने आरोप लगाते हुए यह कहा कि, मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ नेता के रिश्तेदार को फायदा पहुंचाने सेफ्टी-शू का टेंडर निकाला गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि, नकटी गांव में गरीबों के घर उजाड़े जाने का कांग्रेस विरोध करती है। 40 सालों से लोग घर बनाकर रह रहे हैं, सरकार दूसरे जगह विधायकों की कालोनी बना सकती है। नया रायपुर में आप एक रुपये फीट में सैकड़ों एकड़ जमीन एलॉट कर सकते हैं। वहां पर विधायक कालोनी बना लेते। सरकार गरीब विरोधी है, यह अत्याचार है। हम गरीबों को तत्काल व्यवस्थापित करने की मांग करते है। जिनका मकान तोड़े है, उनको मकान बना कर दें।

---------------

   

सम्बंधित खबर