राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में होगी सख्त कार्रवाई, दोषी नहीं बचेंगे : ओमप्रकाश राजभर
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
जौनपुर, 30 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर कहा कि सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
टिन्नू यादव के घर बुलडोजर कार्रवाई से जुड़े सवाल पर राजभर ने कहा कि यह निर्णय प्रशासन और जांच एजेंसियां लेंगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि पिछले दो वर्षों से उनके खिलाफ लगातार बयानबाजी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अब जब वह जवाब दे रहे हैं तो विपक्ष को आपत्ति हो रही है। राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव इस जन्म में अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। विधायकों की खरीद-फरोख्त के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि बिकने के लिए तैयार होगा तो उसे खरीदने की कोशिश भी होगी, इसलिए जनप्रतिनिधियों को अपने सिद्धांतों पर कायम रहना चाहिए।राजभर ने दोहराया कि उनकी पार्टी गठबंधन के साथ मिलकर आगामी चुनाव में मजबूती से उतरेगी और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों को लेकर जाएगी।

