बलरामपुर कलेक्टर का निर्देश सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रखें कड़ी निगरानी
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)।आज सोमवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की उपस्थिति में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त वाहनों की जब्ती के बाद उनकी राजसात और नीलामी की कार्रवाई नियमानुसार शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही जब्त किए गए मादक पदार्थों का सुरक्षित और समयबद्ध विनष्टीकरण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में संचालित मेडिकल दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पूर्व में सामने आए अवैध गांजा और अफीम की खेती के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने गांव-गांव में जनजागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को गांजा और अफीम के पौधों की पहचान कराने के निर्देश दिए, ताकि अवैध खेती की समय रहते जानकारी मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति लीज पर जमीन लेकर खेती करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पटवारी और पुलिस को दी जाए। मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति और खेती का अनिवार्य सत्यापन किया जाए, जिससे किसी भी अवैध गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
बैठक में समाज कल्याण विभाग को स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा कोटपा अधिनियम के तहत स्कूलों के आसपास नियमित निरीक्षण कर तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

