लिफ्ट मांगकर दोस्ती, फिर माेटरसाइकिल लेकर फरार

धमतरी पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा

धमतरी, 19 जून (हि.स.)। लिफ्ट मांगकर पहचान बनाने और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर फरार होने वाले एक शातिर आरोपित को धमतरी पुलिस ने आज शुक्रवार काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार देवरी कचांदुर, जिला बालोद निवासी संजय मारकंडे ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सात मई की रात वह अपनी हीरो मोटरसाइकिल से गंगरेल घूमने आया था। वापस लौटते समय अंबेडकर चौक धमतरी में एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी, जिसे उसने नेहरू गार्डन तक छोड़ा। इसके बाद वह स्वयं वहीं विश्राम करने लगा। सुबह उठने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही थी।

इसी बीच आज 19 जून को सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल एक व्यक्ति आमातालाब रोड क्षेत्र में चला रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर सेन समाज भवन के पास संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित पेमन साहू 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक एक खपरी, थाना अर्जुनी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई माेटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

   

सम्बंधित खबर