पॉलिटेक्निक धमतरी के 42 विद्यार्थियों को मिला प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार
- DSS Admin
- May 08, 2026

तकनीकी शिक्षा से युवाओं को मिली नई उड़ान, रोजगार के क्षेत्र में जिले की बड़ी उपलब्धि
धमतरी, 08 मई (हि.स.)। जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन और विशेष पहल से भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय धमतरी के 42 विद्यार्थियों का देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है। यह उपलब्धि संस्थान के साथ पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान महाविद्यालय में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए अब तक 10 रोजगार शिविर आयोजित किए गए। वहीं डाइकिन एसी आंध्रप्रदेश, सारडा एनर्जी एंड मिनरल लिमिटेड रायपुर तथा एपीएल अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड रायपुर के कैंपस चयन शिविर अभी प्रक्रियाधीन हैं। रोजगार चयन अभियान में बालाजी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट भिलाई, आइकॉन सोलर-एन पावर टेक्नोलॉजीज रायपुर, वेलस्पन कार्प गुजरात, टाटा ईवी, न्यूवोको विस्टा सीमेंट प्लांट और मारुति सुजुकी जैसी नामी कंपनियों ने भाग लिया। चयनित विद्यार्थियों को 1.80 लाख रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक वार्षिक वेतन पैकेज प्राप्त हुआ है, जबकि औसत पैकेज लगभग 2.50 लाख रुपये वार्षिक रहा। संस्थान में सबसे अधिक चयन विद्युत अभियांत्रिकी शाखा के विद्यार्थियों का हुआ। इसके अलावा यांत्रिकी और सिविल अभियांत्रिकी शाखा के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के युवाओं को
गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि धमतरी के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से यह साबित किया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन कौशल विकास, रोजगारपरक प्रशिक्षण और उद्योगों से समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। आने वाले समय में और अधिक औद्योगिक संस्थानों और कंपनियों को जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि संस्थान में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने हेतु नियमित रूप से व्यक्तित्व विकास, समूह चर्चा, अभ्यास साक्षात्कार, रोजगार पूर्व प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब रोजगार चयन के रूप में सामने आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

