स्कूल के समर कैंप में हादसा, स्विमिंग के दौरान डूब कर छात्र की मौत
- DSS Admin
- May 28, 2026
आसनसोल, 28 मई (हि.स.)।आसनसोल के प्रतिष्ठित सेंट विंसेंट स्कूल में समर कैंप के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। स्विमिंग ट्रेनिंग के दौरान छठी कक्षा के छात्र अद्विक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूल परिसर से लेकर अस्पताल तक शोक और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार, लोअर चलीडंगा निवासी अद्विक स्कूल के समर कैंप में हिस्सा लेने पहुंचा था। गुरुवार सुबह अन्य बच्चों के साथ वह स्विमिंग पूल में अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह पानी में डूबने लगा। वहां मौजूद प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पूरी तरह टूट गया। स्कूल प्रशासन ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इस हादसे के बाद शहरभर में स्विमिंग पूल की सुरक्षा अव्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। अभिभावकों का सवाल है कि जब छोटे बच्चों को ट्रेनिंग दी जा रही थी, तब पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी क्यों नहीं थी। लोगों का कहना है कि नामी संस्थानों में भी यदि ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो सुरक्षा मानकों की गंभीर समीक्षा जरूरी है।
आसनसोल साउथ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रशासन से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है और यह जांच की जा रही है कि स्विमिंग के दौरान तय सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं। फिलहाल स्कूल ने समर कैंप स्थगित कर दिया है।
घटना के बाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सूत्रों के अनुसार, जिले के स्कूलों और क्लबों में मौजूद स्विमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने पर विचार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
---------------

