मथुरा जंक्शन पर सचखंड एक्सप्रेस खूनी संघर्ष, चार घायल

--जनरल डिब्बे में सीट को लेकर हुये विवाद ने लिया हिंसक रूप --मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर यात्रियों में मची भगदड़, अफरा-तफरी

मथुरा, 02 अप्रैल(हि.स.)। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार पूर्वान्ह सचखंड एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सीट को लेकर यात्रियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान मारपीट हुई और एक युवक ने तलवार (कटार) चला दी, जिससे चार लोग घायल हो गए। प्लेटफार्म पर चली तलवार के बीच घायल हुये लोगों का खून देखकर महिलाओं की चीख निकल गयी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। जिसके बाद सिख समाज में रोष फैल गया और उन्होंने ट्रेन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने समझा बुझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रेन को रवाना कराया।

हुजूर नदिड़ साहब से अमृतसर जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस में मथुरा के शांति नगर के रहने वाले यात्री प्रवीण और पंजाब के तरनतारन निवासी करनप्रीत सिंह के बीच सीट को लेकर बहस हो गई। ट्रेन के मथुरा जंक्शन पहुंचते ही यह बहस झगड़े में बदल गई। प्रवीण ने फोन कर अपने भाई विजय सिंह राठौर को बुला लिया। ट्रेन जैसे ही सुबह करीब 11.53 बजे स्टेशन पर रूकी तो प्रवीण और विजय ने गाली गलौज शुरू कर दी। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक होने लगी। विवाद बढ़ने पर सिख समाज के अन्य यात्री भी प्लेटफार्म पर आ गए और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।

इसी दौरान करनप्रीत सिंह ने तलवार (कटार) निकालकर हमला कर दिया, जिससे विजय खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हिंसक झड़प में विजय का भाई प्रवीण और करनप्रीत, विशालदीप सहित अन्य लोग भी चोटिल हो गये। रेलवे स्टेशन पर खूनी संघर्ष को देखते लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। खून खराबा देकर वहां मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और प्लेटफार्म जंग का मैदान बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ-जीआरपी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने करनप्रीत, विशालदीप, गुरुदेव, गुरुराज को हिरासत में लिया। घटना के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किये जाने के विरोध में सिख समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने समझा कर यात्रियों को शांत किया और करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया। फिलहाल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

   

सम्बंधित खबर