शॉर्ट सर्किट से अस्पताल में लगी आग, समय रहते बुझाई गई

नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर इलाके में स्थित एएस मल्टी किडनी अस्पताल में रविवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अस्पताल कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10:27 बजे सागरपुर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से डाबड़ी-पालम रोड स्थित एएस मल्टी किडनी अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में करीब 15 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। साथ ही पीसीआर, दमकल विभाग और सीएटीएस एंबुलेंस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि अस्पताल कर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर पहले ही काबू पा लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिजली के मीटर और पैनल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां और बीएसईएस की टीम भी मौके पर पहुंची। अस्पताल के पिछले हिस्से में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने भी आगे आकर अस्पताल स्टाफ की मदद की।

घटना के समय अस्पताल में करीब 10 से 15 मरीज मौजूद थे। अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। पुलिस ने बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

---------------

   

सम्बंधित खबर