पठानकोट SSP कार्यालय के पीछे जंगल में लगी आग:दफ्तरों में छुट्‌टी होने से हादसा टला; फायर ब्रिगेड ने मशक्कत से पाया काबू

पठानकोट में एसएसपी कार्यालय के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका। बता दें, मलिकपुर में एसएसपी कार्यालय के साथ ही मिनी सचिवालय है, जिसमें 1 हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। इसके अलावा, यहां रोजाना हजारों लोग अपने काम करवाने के लिए आते हैं। हालांकि शनिवार होने के चलते कार्यालयों में अवकाश था। वहीं, दमकल विभाग ने बिल्डिंग तक आग पहुंचने से पहले ही काबू कर लिया। जिसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू फायरमैन राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि डीसी कॉम्प्लेक्स के नजदीक जंगल में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। कोई जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन समय पर कार्रवाई होने के कारण कोई जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आग पर नियंत्रण के बाद दमकल विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के बड़े क्षेत्र में फैल सकती थी।

   

सम्बंधित खबर