सालावास रोड पर देर रात एचपीसीएल कार्मिकों को पिस्टल दिखाकर लूटी कार
- DSS Admin
- May 14, 2026
जोधपुर, 14 मई (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती सालावास क्षेत्र में बुधवार की देर रात एचपीसीएल के कार्मिकों को बदमाशों ने अगवा कर कार लूट ली। कार्मिक ड्यूटी के बाद कोल्ड ड्रिंक और खाने का सामान लेने के लिए कार लेकर निकले थे। मामला विवेक विहार थाने में दर्ज कराया गया है। बताया गया कि नकाबपोश बदमाशों के पास में पिस्टल भी थी। उनकी कार को रूकवा कर लूटा गया। बदमाश खुद कार चलाकर उन्हें सुनसान जगह ले गए। मारपीट की और क्रेटा कार, लेपटॉप, मोबाइल व अन्य कीमती सामान ले गए।
विवेक विहार पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित न्यू फौजी कॉलोनी के रहने वाले अमन चौहान की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। वह शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 9 स्थित एचपीसीएल कॉम्प्लेक्स में रहता है। एचपीसीएल पाइपलाइन में कार्यरत है। बुधवार रात को अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद अमन अपने साथी कर्मचारी हेमंत कुमार और प्रवीण के साथ मोगड़ा घुमटी पर किराणे की दुकान से कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान लेने गया था। सामान लेकर वापस लौटते समय बीपीसीएल डिपो से थोड़ा पहले एक सफेद रंग की वैगनआर कार ने उनकी गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया। कार से उतरे पांच नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों को धमकाया और उन पर पिस्टल तान दी।
डर फै लाने के लिए क ार का कांच भी तोड़ा :
बदमाशों ने डर फैलाने के लिए लुटेरों ने गाड़ी की आगे वाली सीट का कांच तोड़ दिया और उनके मोबाइल छीन लिए। इसके बाद बदमाश खुद उनकी गाड़ी चलाकर तीनों कर्मचारियों को बंधक बनाते हुए मोगड़ा घुमटी से गुढ़ा गांव की तरफ एक सुनसान जगह पर ले गए।
कार के साथ जरूरी दस्तावेज भी लूट ले गए :
रिपोर्ट के अनुसार सुनसान इलाके में ले जाने के बाद बदमाशों ने तीनों कर्मचारियों को गाड़ी से नीचे उतार दिया। लुटेरों ने उनके मोबाइल से सिम कार्ड निकाल कर फेंक दिए। हमारे साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश काले रंग की नई क्रेटा कार लूटकर ले गए। कार के अंदर कर्मचारियों के लेपटॉप, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कंपनी का पहचान पत्र, वॉकी टॉकी सहित अन्य सामान भी रखे थे। घटना के बाद बदमाश गुढ़ा से खेजड़ली की तरफ भाग निकले।

