सांबा से लुधियाना तक हेरोइन तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, 719 ग्राम खेप बरामद
- Editor Chief
- Sep 05, 2026
जम्मू/सांबा, 5 सितंबर। जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जम्मू जोनल यूनिट ने हेरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सांबा में एक यात्री बस से 522 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद जांच की कड़ियां पंजाब के लुधियाना तक पहुंचीं, जहां फॉलो-अप ऑपरेशन में 197 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई। इस तरह सांबा-लुधियाना से जुड़े इस ऑपरेशन में अब तक कुल 719 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। NCB के अनुसार नवीनतम कार्रवाई 3 सितंबर 2026 को की गई। खुफिया सूचना के आधार पर NCB की टीम ने न्यू बस स्टैंड, सांबा के पास एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान 522 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में आकिब बशीर निवासी काकापोरा, पुलवामा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी से बरामद खेप के स्रोत का पता लगाने के लिए NCB ने तत्काल इसकी बैकवर्ड लिंक जांच शुरू की। जांच के दौरान तस्करी के तार पंजाब से जुड़े पाए गए। सुरागों का पीछा करते हुए NCB की टीम लुधियाना पहुंची और वहां एक अलग फॉलो-अप ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में 197 ग्राम हेरोइन की अतिरिक्त खेप बरामद की गई। इस प्रकार दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में अब तक कुल 719 ग्राम हेरोइन जब्त हो चुकी है। NCB अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप का वास्तविक स्रोत कौन था, इसे जम्मू-कश्मीर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके परिवहन व वितरण में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पाकिस्तान से J&K में हेरोइन पहुंचाने के दो रास्तों का खुलासा
NCB की हालिया जांच में जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने वाले दो अलग-अलग सप्लाई चैनल सामने आए हैं। एजेंसी के अनुसार एक रूट पाकिस्तान से उड़ी सेक्टर के रास्ते सीधे जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने से जुड़ा है, जबकि दूसरा नेटवर्क पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर में नशीले पदार्थ पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। पंजाब से जुड़े मौजूदा नेटवर्क का खुलासा ऐसे समय हुआ है जब NCB जम्मू इससे पहले एक अन्य बड़े मामले में 5.160 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर चुकी है। उस मामले की जांच में संकेत मिले थे कि खेप पाकिस्तान से आई और उड़ी सेक्टर के रास्ते जम्मू-कश्मीर में दाखिल हुई।
NCB ने उस मामले में केवल बरामदगी पर जांच बंद नहीं की। एजेंसी ने तस्करी की कड़ी का पीछा करते हुए जांच को लेह तक पहुंचाया, जहां कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। नशा प्रभावित बस्तियों में भी NCB की कार्रवाई इसी अभियान के तहत NCB ने जम्मू और सांबा क्षेत्र की नशे से प्रभावित बस्तियों में भी दो अलग-अलग ऑपरेशन किए। इन कार्रवाइयों में क्रमशः 438 ग्राम और 603 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। NCB के मुताबिक पिछले करीब एक महीने में जम्मू संभाग में चार प्रमुख इंटरसेप्शन और पंजाब में उससे जुड़ी फॉलो-अप कार्रवाई को मिलाकर कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है।
सिर्फ कैरियर नहीं, पूरे नेटवर्क पर NCB की नजर
NCB की रणनीति अब केवल हेरोइन की खेप पकड़ने या उसे ले जाने वाले कैरियर को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है। एजेंसी प्रत्येक बरामद खेप की जांच तीन दिशाओं में कर रही है—खेप कहां से आई, उसे आखिर में किसके पास पहुंचना था और इसके पीछे पैसे का लेनदेन किस तरह हुआ। इसी रणनीति के तहत पाकिस्तान-उड़ी रूट से जुड़े मामले की जांच लेह तक पहुंची, जबकि सांबा में पकड़ी गई 522 ग्राम हेरोइन की कड़ी का पीछा करते हुए NCB पंजाब के लुधियाना तक पहुंच गई। NCB अब दोनों नेटवर्क से जुड़े स्रोत, सप्लायर, रिसीवर, फाइनेंसर और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पंजाब-जम्मू-कश्मीर कॉरिडोर के जरिए नशीले पदार्थों की सप्लाई कितने बड़े स्तर पर संचालित की जा रही थी। एजेंसी ने लोगों से भी नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन अथवा तस्करी से संबंधित जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन MANAS-1933 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

