संगम विहार में आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, चार बदमाश वारदात के बाद फरार

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में बुधवार सुबह आपसी रंजिश के चलते 32 वर्षीय हृदयेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक हृदयेश टाटा 407 वाहन से मलबा ढोने का काम करता था। वारदात के समय हृदयेश अपने घर के बाहर मौजूद था, जबकि उसका छोटा भाई टाटा 407 को बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और हृदयेश पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल हृदयेश को परिजन नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर संगम विहार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि हृदयेश का इलाके में रहने वाले एक परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर