अभिनेता संजय क गहरा हुआ पहाड़ों से रिश्ता, शेरवुड कॉलेज में कराया बेटी का प्रवेश

नैनीताल, 18 मई (हि.स.)। सिने अभिनेता संजय मिश्रा का पहाड़ों से रिश्ता और गहरा हो रहा है। संजय ने अपनी पुत्री पल मिश्रा का प्रवेश शेरवुड कॉलेज नैनीताल में कराया है। उल्लेखनीय है कि मूल रूप से दरभंगा बिहार के निवासी संजय मिश्रा का ससुराल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट क्षेत्र में है। उनकी पत्नी किरण मिश्रा उत्तराखंड के पंत परिवार से संबंध रखती हैं।

इधर अपने एक पारिवारिक विवाह कार्यक्रम के लिये बेटी को साथ ले जाने के लिये नैनीताल आये संजय ने शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू से भेंट के साथ पत्रकारों से भी बात की। उन्होंने कहा कि पहाड़ प्रकृति की सुंदरता को निखारती हैं। उन्होंने बड़ी बात कही कि पहाड़ों के बिना कोई भी रोमांटिक फिल्म पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पहाड़ों से उनका विशेष लगाव है और यही आकर्षण उन्हें बार-बार उत्तराखंड की ओर खींच लाता है।

संजय मिश्रा ने कहा कि नैनीताल और कश्मीर जैसे पर्वतीय क्षेत्र भारतीय फिल्मों को विशेष सौंदर्य प्रदान करते हैं और रुपहले पर्दे पर अलग पहचान बनाते हैं। अभिनेता ने कहा कि पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और पर्वतीय क्षेत्रों के साथ छेड़छाड़ सीमित दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इन दिनों वह ‘गोलमाल’, ‘धमाल’ और ‘प्रीतम प्यारे’ आदि फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं, जबकि ‘कर्तव्य’ और ‘वध 2’ हाल में प्रदर्शित हुई हैं।

उनके साथ पहुंचे चरित्र अभिनेता आदिल मिया ने बताया कि उत्तराखंड के युवा कलाकारों को फिल्मों में अवसर दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण भी प्रस्तावित है।

   

सम्बंधित खबर