सारण पुलिस ने 18 अभियुक्त को किया गिरफ्तार

सारण, 27 जून (हि.स.)। पुलिस ने अपराधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसते हुए पिछले 24 घंटों में एक विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले भर में असामाजिक तत्वों की धरपकड़, देसी शराब भट्टियों को ध्वस्त करने और शराब की बिक्री, निर्माण व परिवहन पर पूर्ण पाबंदी लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें शराब के कारोबार में संलिप्त चार तस्कर और शराब के नशे में दो लोग पकड़े गए हैं। इसके अलावा हत्या के प्रयास मामले में तीन आरोपी, दहेज हत्या के कांड में एक पुरुष और एक महिला अभियुक्त, एससी/एसटी एक्ट में एक और कोर्ट वारंट के आधार पर दो फरार वारंटी पकड़े गए। वहीं, अन्य अलग-अलग आपराधिक मामलों में भी चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

अपराध नियंत्रण और यातायात सुरक्षा को लेकर की गई सघन वाहन चेकिंग के दौरान कुल 10 गाड़ियों से 16,500 रुपये अर्थदण्ड वसूला गया। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने कुल 244.78 लीटर अवैध शराब जिनमें 160 लीटर देसी और 84.78 लीटर विदेशी जब्त की है। साथ ही तस्करों के पास से पांच मोटरसाइकिलें और दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर