वेतन वृद्धि की मांग पर एनयूएचएम कर्मचारियों की हड़ताल, मरीज परेशान
- DSS Admin
- Jun 24, 2026
सिलीगुड़ी, 24 जून (हि. स.)। नेशनल अर्बन हेल्थ मिशन (एनयूएचएम) के तहत नगर निगम द्वारा संचालित अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग पूरी न होने पर बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी है। इस कदम से सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र की सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, नए बजट के बाद भी वेतन बढ़ोतरी पर कोई निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही थी। इसके विरोध में कर्मचारियों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और कई अस्पतालों में नियमित सेवाएं ठप कर दी। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। खासकर बच्चों के टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग सुबह से अस्पताल पहुंचने के बावजूद गेट बंद मिलने के कारण वापस लौटने को मजबूर हुए।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी वेतन वृद्धि की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, आम लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए विभिन्न वर्गों ने जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।

