(अपडेट) एक अक्टूबर से नहीं बदलेगा स्कूलों में समय, नए आदेश हुए जारी

जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। एक अक्टूबर से राजस्थान के स्कूलों में समय में कोई परिवर्तन नहीं होगा। एक अक्टूबर से आगामी 15 अक्टूबर तक स्कूलों का समय सुबह सात बजे दोपहर एक बजे तक ही रहेगा। इस संबंध में 30 सितम्बर यानी सोमवार को आदेश जारी हो गए हैं। मानसून की रवानगी के समय पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह आदेश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग के शिविरा पंचाग के अनुसार एक अक्टूबर से शीतकालीन समय लागू हो जाता है। इसके अनुसार एक अक्टूबर से 31 मार्च तक स्कूलों का समय सुबह दस बजे शाम चार बजे तक किया जाता है। लेकिन पिछले दो वर्षों से अक्टूबर में तेज गर्मी पड़ रही है। ऐसे में शिक्षा विभाग हर बार एक अक्टूबर से स्कूल समय नहीं बदल रहा है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक आशीष मोदी ने तीस सितम्बर को दोपहर में आदेश जारी किए हैं। इसमें लिखा है कि शीतकाल में विद्यालय संचालन की अवधि पूर्व में एक अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक थी। लेकिनए अब संशोधित तिथि अनुसार शीतकाल में विद्यालय संचालन की अवधि 16 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक रहेगी।

राजस्थान के शिक्षक संगठनों ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन देकर एक अक्टूबर से समय नहीं बदलने की मांग की थी। शिक्षक संगठनों का कहना है कि स्कूलों के समय में बदलाव 15 अक्टूबर तक टाल देना चाहिए, जब मौसम ठंडा हो जाएगा और बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले दो साल से ऐसा ही हो रहा है। वर्ष 2022 और 2023 में भी एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक स्कूलों का समय नहीं बदला गया था और वह सुबह 7.30 से दोपहर एक बजे तक ही चला था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर