पहलगाम में अपने बेटे को बचाते हुए डूबने वाले श्रीनगर के एक व्यक्ति की तलाश के लिए खोज अभियान फिर से शुरू
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
श्रीनगर, 01 जून (हि.स.)। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) अनंतनाग ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन 42 वर्षीय श्रीनगर निवासी की तलाश और शव को निकालने के लिए खोज अभियान फिर से शुरू किया। आशंका है कि पहलगाम में वह अपने बेटे को बचाने की कोशिश में लिद्दर नदी में डूब गए। लापता व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अशरफ मीर के रूप में हुई है जो गुलाम मोहिउद्दीन मीर के पुत्र और श्रीनगर के जवाहर नगर के इखराजपोरा निवासी थे।
अधिकारियों के अनुसार यह घटना रविवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम के लंगनबल क्षेत्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि परिवार कोलाहोई ग्रीन होटल के पास लिद्दर नदी के किनारे तस्वीरें ले रहा था कि तभी मीर का बेटा फहद गलती से तेज बहती नदी में गिर गया।
अधिकारियों ने बताया कि अपने बेटे को बचाने की कोशिश में मीर भी पानी में कूद गए लेकिन तेज धारा में बह गए। घटना के तुरंत बाद बचाव दल ने तलाशी अभियान शुरू किया जो रविवार देर शाम तक जारी रहा। सोमवार सुबह अभियान फिर से शुरू किया गया है जिसमें एसडीआरएफ कर्मी उसका पता लगाने के प्रयास जारी रखे हुए हैं।
---------------

