अभिषेक बनर्जी के स्वास्थ्य कैंप पर नियम उल्लंघन का विवाद गहराया
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
दक्षिण 24 परगना, 01 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की पहल ‘सेवाश्रय’ और ‘सेवाश्रय-दो’ मेडिकल कैंप को लेकर विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने इन कैंपों में फर्जी डॉक्टरों से इलाज कराने, अवैध डायग्नोस्टिक सेवाएं चलाने और चिकित्सा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए बिष्णुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
बुधवार को थाना प्रभारी को सौंपे गए लिखित शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया कि ‘सेवाश्रय’ और ‘सेवाश्रय-दो’ शिविरों में बिना आवश्यक अनुमति और कानूनी प्रक्रिया का पालन किए अल्ट्रासाउंड तथा पोर्टेबल एक्स-रे जैसी नियंत्रित चिकित्सा मशीनों का उपयोग किया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे उपकरणों के संचालन के लिए लाइसेंस, प्रशिक्षित तकनीशियन और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है, लेकिन इन नियमों का पालन किया गया या नहीं, इस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पंजीकृत चिकित्सकों के स्थान पर ऐसे व्यक्तियों से मरीजों की जांच कराई गई, जिनके पास आवश्यक योग्यता या वैध अनुमति नहीं थी। आरोप है कि इससे मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
इसके अतिरिक्त मरीजों के पर्चे और उपचार संबंधी दस्तावेजों में भी कथित अनियमितताओं की बात कही गई है। शिकायत के अनुसार, फर्जी चिकित्सकीय पर्चे तैयार करने, गलत परामर्श रिकॉर्ड दर्ज करने और आवश्यक सूचनाएं छिपाने जैसी घटनाएं हुई हैं।
मामले में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इस्तेमाल किए गए सिरिंज, ग्लव्स, बैंडेज सहित चिकित्सा अपशिष्टों का निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारण नहीं किया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार की लापरवाही संक्रमण फैलने और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
---------------

