मेसी टूर अनियमितता मामले में अरूप विश्वास ने स्वास्थ्य कारणों से पुलिस से दो सप्ताह का समय मांगा

कोलकाता, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास ने दिसंबर 2025 में युवाभारती क्रीड़ांगन में आयोजित लियोनेल मेसी के ‘गोएट इंडिया टूर’ कार्यक्रम से जुड़ी कथित अनियमितताओं और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए 14 दिनों का अतिरिक्त समय मांगा है।

इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में बिधाननगर (दक्षिण) थाना पुलिस ने उन्हें पांच जून को पूछताछ के लिए तलब किया था। यह जांच 13 दिसंबर 2025 को साल्ट लेक स्थित युवाभारती क्रीड़ांगन में आयोजित विवादित कार्यक्रम को लेकर दर्ज शिकायत के आधार पर शुरू की गई है।

हालांकि निर्धारित तिथि से एक दिन पहले अरूप विश्वास ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पुलिस को पत्र भेजकर दो सप्ताह की मोहलत मांगी। यह पत्र एक प्रतिनिधि के माध्यम से भेजा गया, जिसके साथ उनकी बीमारी संबंधी चिकित्सकीय प्रमाणपत्र भी संलग्न किया गया है।

गुरुवार शाम तक पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि उनके समय बढ़ाने के अनुरोध को स्वीकार किया जाएगा या नहीं।

यह मामला 30 मई को दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है, जो कार्यक्रम आयोजक शतद्रु दत्ता द्वारा 17 मई को की गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी। दत्ता ने आरोप लगाया है कि इस हाई-प्रोफाइल फुटबॉल कार्यक्रम के दौरान व्यापक अनियमितताएं हुईं और इसमें अरूप विश्वास सहित कई अन्य लोगों की भूमिका रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर