अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति से कोई समझौता नहीं : मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
गीडा में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया मुख्यमंत्री ने
208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सीएम योगी ने दी सौगात
कामगारों के लिए एलआईजी-ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का भी उद्घाटन किया
गोरखपुर, 03 जून (हि.स.)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास और उद्यम के लिए सुरक्षा सर्वाधिक जरूरी है। सुरक्षा के बिना न सुशासन आ सकता और न ही समृद्धि आ सकती है। 2017 के बाद से सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ी है। इस नीति से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति न मानने वाले जिस बोली-भाषा में समझेंगे, उसी में समझा दिया जाएगा पर उसे नौजवानों के रोजगार पर डकैती नहीं डालने दी जाएगी।
सीएम योगी बुधवार को गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले और पूरे प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण तथा गीडा में सेवायोजित कामगारों के लिए ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गीडा के विभिन्न सेक्टर्स के लिए करीब 208 करोड़ रुपये के 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने ईडब्ल्यूएस व एलआईजी भवन के आवंटियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर औद्योगिक भूमि के आवंटियों को भी मुख्यमंत्री के हाथों आवंटन प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। सीएम ने नाइलिट से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से यूपी ने सुरक्षा का एक मॉडल उपलब्ध कराया है। सुरक्षा के इस मॉडल से औद्योगिक विकास हुआ और लाखों नौजवानों को रोजगार मिला। अकेले गीडा में पिछले कुछ वर्षों में 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। सुरक्षा का माहौल बने बिना यह संभव नहीं था। सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि विकास की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी, सुरक्षा सबको मिलेगी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सबको मिलेगा। पर, किसी ने मनबढ़ई करके गरीबों का हक छीनने की कोशिश की, व्यापारियों को धमकाने का कुत्सित प्रयास किया या बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने का दुस्साहस किया तो सरकार छोड़ेगी नहीं। ऐसे लोगों को पाताल से भी खोजकर निकाल लाएंगे। यूपी में जीरो टॉलरेंस के भाव से यही कार्य किया जा रहा है।
सुरक्षा का माहौल बनने से मिले 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बने सुरक्षा के माहौल से सरकार को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं और 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा बड़े पैमाने पर हुए निवेश से लाखों लोगों को नौकरी और रोजगार मिला है। एमएसएमई को प्रोत्साहन मिलने से 3 करोड़ लोगों को उनके गांव-क्षेत्र में ही रोजगार प्राप्त हुआ है।
हर जिले के नौजवान को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ ही सरकार ने भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसका परिणाम है कि प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं हैं। प्रदेश के सभी जिलों के युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। प्रदेश में सरकारी नौकरियों में भर्ती के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
अच्छी सरकार से ही बेहतरीन उपलब्धि संभव
सीएम योगी ने कहा विकास, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बेहतरीन उपलब्धि तभी संभव है जब अच्छी सरकार आती है। अच्छी सरकार तब बनती है जब जनता अच्छे जनप्रतिनिधि चुनती है। उन्होंने कहा कि 2014 में जनता ने जब नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनवाया तो उनके नेतृत्व में भारत के प्रति दुनिया का दृष्टिकोण बदला है। नए भारत में विकास के साथ विरासत का संरक्षण हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर 2017 में यूपी की जनता ने भाजपा की सरकार बनाई तो इस सरकार ने जनता की आकांक्षाओं से दो कदम आगे बढ़कर कार्य किया। मुख्यमंत्री ने अच्छे जनप्रतिनिधि के चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने रविकिशन को सांसद, विपिन सिंह और प्रदीप शुक्ल जैसे नेताओं को विधायक चुना तो विकास प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी।
9 वर्षों में बदल गया है गीडा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीडा में हो रहे औद्योगिक विकास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बीते 9 वर्षों में गीडा बदल गया है। यहां के उद्योगों में स्टील, पाइप, अच्छे कपड़े बन रहे हैं। पेप्सिको की फ्रेंचाइजी वरुण बेवरेज व बिसलेरी की भी यूनिट लगी है। नए-नए उद्योग आ रहे हैं। अच्छी डिस्टिलरी लग रही है। गीता प्रेस का संस्थान भी यहां बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा उद्योग केवल उत्पादन के केंद्र नहीं हैं बल्कि वे रोजगार भी ला रहे हैं। गीडा के नाइलिट सेंटर से मिल रही ट्रेनिंग युवाओं को यहीं रोजगार उपलब्ध होने की गारंटी भी है।
धुरियापार क्षेत्र तक हो रहा गीडा का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा का विस्तार अब धुरियापार क्षेत्र तक हो रहा है। धुरियापार क्षेत्र में 7 हजार एकड़ में इंडस्ट्रियल टाउनशिप बन रही है। वहां सीमेंट, पेंट की फैक्ट्री आ रही है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस से उद्योग जगत को भी बड़ा फायदा हो रहा है। इससे गोरखपुर से लखनऊ जाने में लगने वाला समय 7-8 घंटे से कम होकर तीन-साढ़े तीन घंटे रह गया है।
फ्लैटेड फैक्ट्री एमएसएमई के लिए रेडी टू यूज का बेहतरीन मॉडल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लैटेड फैक्ट्री को एमएसएमई यूनिट्स के लिए रेडी टू यूज यानी प्लग एंड प्ले का बेहतरीन मॉडल बताया। इसे गीडा का अभिनव प्रयास बताते हुए सीएम ने कहा कि जिन युवाओं के पास जमीन खरीदने और फैक्ट्री लगाने का पैसा नहीं है, वे सीधे यहां आकर काम शुरू कर सकते हैं। छोटी पूंजी लगाकर भी यहां अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रेडीमेड गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य एमएसएमई यूनिट्स के लिए यह बेहतरीन मॉडल साबित होगा। उन्होंने कहा कि अभी यह फ्लैटेड फैक्ट्री तीन मंजिला है और इसे तीन मंजिल तक और बनाया जा सकता है। उन्होंने दूरदराज से आकर गीडा में सेवायोजित कामगारों के लिए सस्ते दर पर बेहतरीन आवासीय सुविधा देने के लिए भी गीडा की तारीफ की।
सीएम योगी के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल हब बन रहा गीडा : रविकिशन
गीडा में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में सांसद रविकिशन ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गीडा बड़ा इंडस्ट्रियल हब बन रहा है। यह युवाओं के रोजगार के लिए बड़ा केंद्र बन रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में सहजनवा विधानसभा क्षेत्र विकास की नजीर प्रस्तुत कर रहा है।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
फ्लैटेड फैक्ट्री का सीएम ने किया निरीक्षण
फीता काटकर लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने अपेक्षा जताई कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इस बिल्डिंग को और विस्तार दिया जाए। गीडा की सीईओ अनुज मलिक ने सीएम को बताया कि इस बिल्डिंग की डिजाइन ऐसी है कि इसको तीन तल और बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के बाद फ्लैटेड फैक्ट्री के परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंनेप बच्चों का अन्नप्राशन कराया और स्नेहाशीष बरसाकर उन्हें खिलौने दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोषण पोटली भेंटकर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की।
कामगारों के लिए बने आवासीय परिसर का भी मुख्यमंत्री ने लिया जायजा
सीएम योगी ने गीडा के विभिन्न यूनिट्स में काम करने वाले कामगारों के लिए बनाए रखने एलआईजी व ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में बने आवासों का जायजा लेने के बाद यहां के परिसर में भी पौधरोपण किया।

