हिसार : एचएयू के विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट के तहत संस्थानों में चयन
- Vijesh Sharma
- Jul 02, 2026

कुलपति ने दी चयनित विद्यार्थियों को बधाई
हिसार, 02 जुलाई । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
छात्र कल्याण निदेशालय के अंतर्गत काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित प्लेसमेंट
अभियान में विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में
चयन हुआ है।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने गुरुवार काे चयनित विद्यार्थियों
को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, लग्न एवं विश्वविद्यालय से प्राप्त गुणवत्तापूर्ण
शिक्षा का परिणाम है। हकृवि में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि
उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल भी प्रदान किया जाता है, जिससे वे
रोजगार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि
काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वय से आईसीआईसीआई बैंक ने विश्वविद्यालय के नौ
विद्यार्थियों का चयन रिलेशनशिप मैनेजर (एग्री) पद के लिए किया है। चयनित विद्यार्थियों
में माराश, योगेश, सुरभि, निर्मल सिंह, यशवीर, यशविनी, प्रियंका, राजन धनखड़ तथा दीपांशु
कोहले शामिल हैं। इन सभी को 4.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति प्रदान की गई
है। इसके अतिरिक्त स्टार एग्रीसीड्स द्वारा एमबीए के विद्यार्थी संजय स्वामी का चयन
सेल्स ऑफिसर पद पर 5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ है।
सह-निदेशक छात्र कल्याण (काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट)
डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर
की कंपनियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर
प्रयास किए जा रहे हैं। प्लेसमेंट अभियान में प्रतिभावान विद्यार्थियों का निजी क्षेत्र
के संस्थानों में चयन हो रहा है। पिछले शैक्षणिक सत्र में प्लेसमेंट सेल के प्रयासों
से 53 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हुआ था। इस अवसर पर कृषि
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल व एसवीसी कपिल अरोड़ा भी उपस्थित रहे।

