कलकत्ता हाईकोर्ट ने सेल आइएसपी को तीन महीने के भीतर ट्रेड यूनियन चुनाव कराने का दिया आदेश

पश्चिम बर्दवान, 01 जुलाई (हि. स.)। सेल-आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट) बर्नपुर में लंबे समय से लंबित ट्रेड यूनियन चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। कलकत्ता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए तीन माह के भीतर ट्रेड यूनियन चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

इस फैसले का स्वागत करते हुए बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस ) ने इसे कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की महत्वपूर्ण जीत बताया है।

संघ के अनुसार, इस आदेश के बाद पहली बार कर्मचारियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन करने का अवसर मिलेगा। संगठन ने दावा किया कि ट्रेड यूनियन चुनाव को लेकर न्यायालय पहले भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दे चुका है।

बताया गया कि 24 फरवरी 2025 को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने चीफ लेबर कमिश्नर (सेंट्रल) के माध्यम से चुनाव कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद 25 सितंबर 2025 को राज्य प्रशासन के माध्यम से चुनाव कराने का आदेश जारी किया गया था।

अब एक जुलाई 2026 को डिवीजन बेंच ने स्पष्ट रूप से तीन माह के भीतर पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करने का निर्देश दिया है।

बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ का कहना है कि यह निर्णय औद्योगिक लोकतंत्र, पारदर्शिता और श्रमिक अधिकारों को मजबूत करेगा तथा लंबे समय से लंबित चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बर्नपुर इस्पत कर्मचारी संघ (बीएमएस) के महासचिव संजीत बनर्जी ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कर्मचारियों को पहली बार मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा और इससे औद्योगिक लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी पक्षों से निर्धारित समयसीमा के भीतर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग की अपील की।

इस मामले पर खबर लिखे जाने तक अन्य ट्रेड यूनियनों या संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

   

सम्बंधित खबर