राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग का वरिष्ठ सहायक एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 12 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग उदयपुर के वरिष्ठ सहायक शेखर मथुरिया को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि परिवादी की भांजी, जो सरकारी शिक्षिका थीं, की मृत्यु के बाद राज्य बीमा डेथ क्लेम पास कराने और कमियों की पूर्ति कर अधिक क्लेम राशि स्वीकृत करवाने के बदले आरोपी ने 7.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान 11 मई 2026 को आरोपी और परिवादी के बीच 1.50 लाख रुपए रिश्वत राशि देने पर सहमति बनी। इसके बाद मंगलवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 1.50 लाख रुपए में से पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत और उनकी टीम ने की। एसीबी आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर