सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (हि. स.)। शहर में कचरा फेंकने को लेकर हुए विवाद गुरुवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर पांच स्थित संतोषी नगर इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम कामेश्वर गिरी है जो सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक आवास (अपार्टमेंट) के निवासियों और इलाके के एक परिवार के बीच काफी समय से कचरा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि आवास से कचरा फेंककर एक घर के ऊपर गिराया जा रहा था। गुरुवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान कामेश्वर गिरी नामक युवक पर आवास में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके बेटे द्वारा हमला करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रक्तरंजित हालत में उन्हें तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना पाकर खालपाड़ा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की खबर मिलते ही वार्ड नंबर पांच की पूर्व पार्षद अनीता महतो भी मौके पर पहुंची। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

